Search This Blog

Showing posts with label brij bhushan sharan singh news. Show all posts
Showing posts with label brij bhushan sharan singh news. Show all posts

Friday, June 2, 2023

जानिए कि 7 महिला पहलवानों ने Brij Bhushan Sharan Singh के खिलाफ एफआईआर में क्या लिखा

सात हिंदुस्तानी: ये फिल्म नहीं देश की महिलाओं की ताकत का नाम है

भाजपा के बाहुबली नेता और WFI के पूर्व अध्यक्ष Brij Bhushan Sharan Singh की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं। एक तरफ खाप पंचायतें हरियाणा और यूपी में सामाजिक, राजनीतिक तौर पर सिंह को घेर रही हैं, दूसरी तरफ एफआईआर में दर्ज कराई सातों महिला पहलवानों की डिटेल्स सामने आ गई हैं। इससे Brij Bhushan Sharan Singh के ये दावे कमजोर होते नजर आ रहे हैं कि उनके खिलाफ पहलवानों के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। आइए देखते हैं कि दो एफआईआर में इन सात पहलवानों ने क्या शिकायतें की हैं। 



पहली महिला पहलवान की शिकायत, उनके पिता की जुबानी


बेटी ने एशियन चैंपियनशिप में 62KG फ्री स्टाइल में गोल्ड मेडल जीता। फिर 16 साल की उम्र में झारखंड के रांची में नेशनल गेम्स में जूनियर रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीता। यहीं पर उनकी बेटी के साथ फोटो लेने के लिए बृजभूषण ने जबरन उसे अपने पास खींचा। उसे बाहों में इतना कसकर जकड़ लिया कि वह खुद को छुड़ाने के लिए हिल तक नहीं पाई। फोटो लेने के बहाने बृजभूषण ने उसे और जोर से अपनी तरफ जकड़ा और उसके कंधे को भी जोर से दबाया। इसके बाद वह अपना हाथ सरकाते हुए कंधे से नीचे ले गया और नाबालिग पहलवान की छाती पर फिराने लगा। यह करते हुए बृजभूषण ने नाबालिग पहलवान को कहा- तू मेरे को सपोर्ट कर, मैं तेरे को सपोर्ट करूंगा, मेरे साथ टच में रहना। यह सुनकर पहलवान ने कहा- सर, मैं अपने बलबूते यहां तक आई हूं और आगे भी मेहनत करके आगे तक जाऊंगी। यह सुनकर बृजभूषण ने कहा- एशियन चैंपियनशिप के ट्रायल जल्द होने वाले हैं। वह उसके साथ कोऑपरेट नहीं कर रही तो इसका खामियाजा आने वाले ट्रायल्स में भुगतना पड़ेगा। इसके बाद बृजभूषण ने नाबालिग पहलवान को कमरे में बुलाया। नाबालिग पहलवान प्रेशर में थी कि उसका करियर बृजभूषण बर्बाद न कर दे, इसलिए वह मिलने चली गई। वहां पहुंचते ही बृजभूषण ने उसे अपनी तरफ खींचा और जबरदस्ती शारीरिक संबध बनाने की कोशिश की। नाबालिग पहलवान इससे पूरी तरह सहम गई। उसने किसी तरह खुद को बृजभूषण के चंगुल से छुड़ाया और कमरे से बाहर भाग निकली। 



महिला पहलवान नंबर 2:


सांस चेक करने के बहाने मेरी नाभि पर हाथ रखा

अगस्त 2022 में बुल्गारिया में वर्ल्ड जूनियर रेसलिंग चैंपियनशिप के दौरान पहली बार बृजभूषण ने उसे सेक्सुअली हैरेस किया। वह ट्रेनिंग पर थी। बृजभूषण ने उसे अकेले बुलाया। उसने इनकार कर दिया। इसके बाद बृजभूषण ने दोबारा बुलाया। उसने मेरी टी-शर्ट ऊपर उठाई और मेरे पेट पर हाथ रख दिया। फिर सांस चेक करने के बहाने मेरी नाभि पर हाथ रखा।




बृजभूषण होटल में उसी फ्लोर पर कमरा लेता था, जहां पहलवान ठहरते थे। वह लुंगी में घूमता था। एक बार होटल में बृजभूषण ने मुझे अकेले पकड़ लिया। मुझे कुछ खाने का ऑफर दिया। बृजभूषण ने कहा कि इससे परफार्मेंस सुधरेगी। यह आइटम मेरे डायटिशियन या कोच ने अप्रूव नहीं की थी। 2022 में एक कंपीटिशन में मुझे चोट लग गई। जापान से इंडिया लौटने पर मुझे फेडरेशन के ऑफिस बुलाया गया। जहां बृजभूषण ने इलाज के बदले सेक्सुअल फेवर मांगा।


महिला पहलवान नंबर 3: 


इजाजत के बगैर मेरी टी-शर्ट ऊपर खींच दी और छाती पर हाथ रख दिया


बिसकेक में चैंपियनशिप के दौरान मैं ग्राउंड के मैट पर स्ट्रेचिंग-वार्मअप कर रही थी। बृजभूषण वहां किनारे खड़े होकर मुझे देखने लगा। जब मैं मैट पर लेटी हुई थी तो अचानक बृजभूषण करीब आ गया। तब वहां मेरा कोच नहीं था। मेरी इजाजत के बगैर उसने मेरी टी-शर्ट ऊपर खींच दी और छाती पर हाथ रख दिया। फिर उसे सरकाते हुए पेट पर ले गया। उसने सांस लेने की जांच करने का बहाना बनाया। बृजभूषण मेरा करियर बर्बाद न कर दे, इस वजह से मैं कुछ नहीं बोल सकी।



2019 में मैं फेडरेशन के ऑफिस दिल्ली गई। वहां नेशनल कैंप की क्वेरी के लिए सेक्रेटरी विनोद तोमर से मिलने गई तो उसने मेरे भाई को बाहर रुकने को कहा। अंदर बैठे आदमी को भी बाहर भेज दिया। इसके बाद दरवाजा बंद कर मेरे साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। मैंने भागकर जान बचाई।


दूसरी घटना “फेडरेशन के कार्यालय में जाने पर मुझे आरोपी (सिंह) के दफ्तर में बुलाया गया। मेरा भाई जो मेरे साथ आया था, उसे साफ़-साफ़ वहीँ पर रुकने के निर्देश दिए गये…आरोपी (सिंह) ने अन्य लोगों के कक्ष से जाने के बाद दरवाजा बंद कर दिया।। और मुझे अपनी ओर खीच लिया, और मेरे साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की।”


महिला पहलवान नंबर 4

मेरी इजाजत के बगैर की जा रही हरकतें बेहद अश्लील और आपत्तिजनक थीं


“जब मैं टीम फोटोग्राफ के लिए सबसे पिछली पंक्ति में खड़ी थी, थी आरोपी (सिंह) आया और मेरे बगल में खड़ा हो गया। अचानक मुझे महसूस हुआ कि मेरे पृष्ठ भाग में किसी ने हाथ रख दिया है। मैं आरोपी (सिंह) की हरकतों पर भौंचक्का थी, जो मेरी इजाजत के बगैर की जा रही हरकतें बेहद अश्लील और आपत्तिजनक थीं…जब मैंने दूर हटने की कोशिश की, तो मेरे कंधे पकड़कर मुझे ऐसा करने से रोका गया।”


मैंने लखनऊ में चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। वहां ग्रुप फोटो के दौरान बृजभूषण ने मेरे पीछे कमर के नीचे हाथ रख दिया। जब मैंने वहां से जाने की कोशिश की तो बृजभूषण ने जोर से मेरा कंधा पकड़ लिया। किसी तरह में वहां से निकली। 2022 में लखनऊ कैंप में मैंने छुट्‌टी मांगी। छुट्‌टी चीफ कोच देते हैं लेकिन उन्होंने मुझे कहा- तुमको खुद नेताजी से मिलना पड़ेगा और उसके बाद जो भी एक्शन होगा, उसके लिए तुम खुद जिम्मेदार होगे। मुझे कैंप से नाम काटने और ट्रायल में हिस्सा न लेने देने के लिए भी धमकाया गया। 





महिला पहलवान नंबर 5


बृजभूषण ने कहा- ज्यादा स्मार्ट बन रही है क्या, आगे कोई कंपीटिशन नहीं खेलने क्या तूने

कर्नाटक में मेडल सेरेमनी के दौरान बृजभूषण ने मुझे बुलाया। जहां मुझे पर्सनल सवाल पूछे। मेरे साथ फोटो खिंचवाने के लिए कंधे से पकड़कर जबरदस्ती मुझे अपनी तरफ खींचा। मैंने विरोध किया तो बृजभूषण ने कहा- ज्यादा स्मार्ट बन रही है क्या, आगे कोई कंपीटिशन नहीं खेलने क्या तूने।



महिला पहलवान नंबर 6


मैंने एक कंपीटिशन में गोल्ड मेडल जीता। उसके बाद रूम में रेस्ट कर रही थी तो फिजियोथेरेपिस्ट ने आकर कहा कि मुझे बृजभूषण ने बुलाया है। मुझे लगा कि शायद बधाई देनी हो। वहां बृजभूषण ने फोन पर पेरेंट्स से बात कराई। जैसे ही कॉल खत्म हुई तो बृजभूषण ने मुझे अपने बैड की तरफ बुलाया। फिर अचानक उसने बिना मेरी परमिशन के मुझे जबरन गले लगा लिया।



मुझे इतना सदमा लगा कि मैं रोने लगी तो बृजभूषण कहने लगा- नहीं-नहीं, फादर की तरह। इसके बाद बृजभूषण मुझसे बात करने के लिए मेरी मां को फोन करने लगा।

बृजभूषण फोन पर पूछता था- मैं कैसा लग रहा था आज?, प्रैक्टिस कैसी चल रही, मेरे को बता दिया करो, कुछ चाहिए तो'। नवंबर 2022 में बृजभूषण ने सेक्सुअल फेवर के बदले मुझे सप्लीमेंट दिलाने की बात कही।

महिला पहलवान नंबर 7

छाती-पेट पर हाथ रख बोला- तेरा सांस कैसा चल रहा है?

मैं 2016 में मंगोलिया गई थी। वहां मैं डिनर के लिए रेस्टोरेंट में गई थी। वहां बृजभूषण ने मुझे अपनी डिनर टेबल पर बुलाया। वहां जाते ही मेरी छाती पर हाथ रख दिया और फिर उसे सरकाते हुए पेट तक ले गया। उसने 3-4 बार ऐसा किया। इस वजह से अगले 3-4 दिनों तक मैं ढंग से सो व खा नहीं सकी।


एक बार में बृजभूषण से अलग सोफे पर बैठी हुई थी। थोड़ी देर में ही वह मेरे करीब आकर बैठ गया। मेरे हाथ, घुटने, जांघ और कंधे को गलत तरीके से छूने लगा। दिल्ली में मैं मैच हार गई तो बृजभूषण ने कसकर गले लगाया और 15-20 सेकेंड तक नहीं छोड़ा।

जकार्ता में मेडल जीतने के बाद बृजभूषण ने 15-20 सेकेंड के लिए गले लगाया और मेरी छाती पर हाथ रख सरकाते हुए पेट तक ले जाते हुए बोला- मैं देखना चाहता हूं कि तेरा सांस कैसे चल रहा है?। एक बार मेडल न जीत पाने पर बृजभूषण ने इंटरव्यू में मुझे खोटा सिक्का कहा। ऐसे हालात बनाए गए कि मुझे सुसाइड के ख्याल आने लगे।

Wednesday, May 31, 2023

Brij Bhushan Sharan Singh पर पहलवानों के आरोप और सांसद के दांव-पेंच


 


बृज भूषण शरण सिंह Brij Bhushan Sharan Singh। यह नाम इन दिनों भारत ही नहीं देश के बाहर भी काफी चर्चा में है। इसकी वजह भी बेहद खास है। 134 दिन पहले दिल्ली के जंतर मंतर पर अचानक कुछ पहलवानों ने धरना शुरू कर दिया। इनमें ओलिंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया Bajrang Punia, साक्षी मलिक Sakshi Malik और विनेश फोगाट Vinesh Fogat सरीखे नामी पहलवान शामिल थे। इन्होंने भारतीय कुश्ती संघ के तत्कालीन अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह पर बेहद संगीन आरोप लगाए। खिलाड़ियों का कहना था कि सिंह ने कई महिला पहलवान खिलाड़ियों के साथ यौन शोषण किया है।

बस… इसके बाद खेल मंत्रालय, पहलवानों, भारतीय ओलिंपिक महासंघ और बृजभूषण शरण सिंह के बीच पहले बैठकों का फिर आरोपों, प्रत्यारोपों का ऐसा दौर चला कि यह दो पक्षों के बीच सबसे लंबे समय तक चलने वाला दंगल बन गया। इसमें कोई भी पक्ष हार मानने को राजी नहीं है। जहां महिला पहलवानों ने सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद बृज भूषण शरण सिंह पर एफआईआर के लिए पुलिस पर दबाव बनाया और एक नाबालिग खिलाड़ी की शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज भी किया गया, वहां सिंह इस बात पर अड़े रहे कि वे कतई गुनहगार नहीं हैं, इसलिए पीछे नहीं हटेंगे। वे तो यह तक बोल चुके हैं कि अगर दोषी हों तो फांसी पर चढ़ जाने को भी तैयार हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के कई किरदार हैं, कुछ परदे के सामने हैं तो कुछ परदे के पीछे। अगर हम मुख्य किरदारों को देखें तो अब मैदान में कुल 5 किरदार बचे हैं। बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, नाबालिग पहलवान जिसकी शिकायत पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज हुआ और बृज भूषण शरण सिंह। सभी पहलवानों के निशाने पर हैं सिंह। लेकिन वे एक भी कदम पीछे हटने को राजी नहीं है। आखिर ऐसा क्या है कि सुप्रीम कोर्ट के दखल पर पाक्सो के तहत एफआईआर के बाद भी न तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर रही है, ना ही वे खुद सरेंडर करने को राजी हैं।

बृज भूषण शरण सिंह पहलवान रहे हैं और राजनीति के धुरंधर खिलाड़ी भी। वे राजनीति और कुश्ती के अखाड़े के तमाम दांवपेंच जानते हैं। उन्हें पता है कि उनकी एक कमजोर चाल दुश्मन को उन्हें चित करने का मौका दे देगी। ऐसे में वे खुद को बचाने और सामने वाले पक्ष पर हमला करने का कोई मौका नहीं चूकते। आइए एक बार उनकी शख्सियत के कुछ खास पहलुओं को देखते हैं।


अपनी ही पार्टी की आलोचना करने से पीछे नहीं हटते


पिछले साल जब यूपी बारिश और बाढ़ की चपेट में था, ऐसे में बृज भूषण शरण सिंह ने अपने चुनाव क्षेत्र में चल रहे राहत कार्यों को देखकर अपनी ही पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने बेबाक होकर कहा कि , "पहले कोई भी सरकार होती थी, तब बाढ़ के पहले एक बैठक होती थी. हमको नहीं लगता कि कोई तैयारी की बैठक हुई है और यहां लोग भगवान के भरोसे हैं।" उस समय यूपी के 6 बार के सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने ये भी कहा, "बाढ़ से राहत के लिए ऐसी ख़राब व्यवस्था मैंने अपनी जीवन में पहले कभी नहीं देखी। अफ़सोस ये है कि हम लोग रो भी नहीं सकते। अपने भाव को व्यक्त भी नहीं कर सकते।" जाहिर है कि उनके ऐसे बयान उनके क्षेत्र के लोगों के मन में उनके लिए सम्मान और अपनापन ही लाएंगे।

कांट्रैक्ट सिस्टम लागू किया, क्या इसलिए नाराज हैं पहलवान


चाहे राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट हों या अंतरराष्ट्रीय, चाहे सीनियर टूर्नामेंट हो या जूनियर, भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बृज भूषण शरण सिंह हर मंच पर एक प्रशासक के रूप में हमेशा बेहद सक्रिय तौर पर नजर आए। अपने हाथ में माइक्रोफ़ोन लेकर अक्सर रेफ़री को सलाह देते भी दिखे। कभी-कभी तो जजों को रूल बुक समझाते भी नज़र आए।

बृज भूषण सिंह ने 2018 में कुश्ती में अनुबंध व्यवस्था यानी कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम की शुरुआत की। इस व्यवस्था के तहत खिलाड़ियों को अलग-अलग ग्रेड में रखते हुए एक साल का अनुबंध दिया जाता है।

इस व्यवस्था के तहत ग्रेड ए के खिलाड़ियों को 30 लाख रुपये, ग्रेड बी के खिलाड़ियों को 20 लाख रुपये, ग्रेड सी के पहलवानों को 10 लाख रुपये और ग्रेड डी में 5 लाख रुपये देने का प्रावधान है।

पहली बार जब ये व्यवस्था लागू की गई तब ग्रेड ए में बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट और पूजा ढांडा को रखा गया था। वहीं ग्रेड बी में सुशील कुमार और साक्षी मलिक जबकि ग्रेड सी में रितु फोगाट और दिव्या काकरान जैसी खिलाड़ियों को रखा गया था।

सिंह बताते हैं, पहले हमारे देश में ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने के लिए अलग नियम था। तब नियम था कि जो खिलाड़ी कोटा लेकर आएगा, वही खेलने जाएगा।” उन्होंने कहा, “आपको याद हो कि नरसिंह यादव वर्ल्ड चैंपियनशिप के माध्यम के ओलंपिक में क्वालिफाई किए थे और सुशील कुमार, जिनके पास डबल मेडल थे, उन्होंने मांग की थी कि इनका ट्रायल कराया जाए। लेकिन उस वक़्त हमारा नियम था कि जो क्वालिफाई करके आया है, वही जाएगा। इसके बाद विवाद हुआ और सुशील कुमार और नरसिंह यादव का ट्रायल नहीं हो पाया।”

सिंह ने कहा कि इस बार के ओलिंपिक में मैंने महसूस किया कि इस व्यवस्था में परिवर्तन की ज़रूरत है, क्योंकि कई देशों में यह व्यवस्था चल रही है। मान लीजिए कोई रेसलर है, जिसने क्वालिफाई किया और उसे हल्की-फुल्की चोट आ गई या तबियत खराब है, तब भी वह नहीं बताता है कि हमारी तबियत खराब है, तब भी वह नहीं बताता कि हमको चोट है क्योंकि अगर मेडल नहीं भी आएगा तो कम से कम ओलिंपियन तो कहे ही जाएंगे।

लाया गया नया नियम


उन्होंने आगे कहा कि कई देशों का अध्ययन करने, इन खिलाड़ियों से और कोचों से बात करने के बाद एक कमेटी बनाई और इसमें ये फैसला किया अब अगर ओलंपिक में कोई भी क्वालिफाई करके आता है, तो उनको ट्रायल देना पड़ेगा क्योंकि वो कोटा खिलाड़ी नहीं, देश का होता है।

कैसे होगा ट्रायल?, इसी बात का विरोध है


बजृभूषण शरण सिंह के मुताबिक, “ट्रायल के पहले जो कैंप के खिलाड़ी हैं, उनका आपस में ट्रायल होगा और जो उसमें अव्वल आएगा, उसके बीच और क्वालिफाई करके आने वाले के बीच एक मुकाबला होगा। जो क्वालिफाई करके आए हैं ये उसे हरा देते हैं (जो कैम्प ट्रायल में नंबर वन आया है) जो देश में अव्वल आया है, तो इनका कोटा कंफर्म हो जाएगा। अगर क्वालिफाई करने वाला खिलाड़ी कुश्ती हार जाता है, तो 15-20 दिन के बाद इनको उस बच्चे को हराने का एक और मौका मिलेगा क्योंकि ये क्वालिफाई करके आए हैं। अगर कोई नया बच्चा आता तो पहले उसे देश के बच्चों के हराना होगा। सिंह कहते हैं कि विरोध कर रहे पहलवानों को इसी बात का विरोध है।

रामदेव और पतंजलि के घी को भी नहीं छोड़ा


बाबा रामदेव भाजपा के समर्थक माने जाते हैं। लेकिन बृज भूषण शरण सिंह ने उनको और उनकी कंपनी पतंजलि को भी नहीं बख्शा। उन्होंने पतंजलि पर नकली घी बेचने का आरोप लगा दिया। तब पतंजलि ने उन्हें लीगल नोटिस भेज कर माफ़ी मांगने को कहा था, लेकिन सांसद ने माफ़ी नहीं मांगी थी। इसके बाद पतंजलि की ओर से उन्हें दोबारा नोटिस भेजा गया तो वो बिफर पड़े। उन्होंने कहा, "जिन महर्षि पतंजलि के नाम का उपयोग किया जा रहा है, उनकी जन्मभूमि उपेक्षा की शिकार है। महर्षि पतंजलि के नाम का उपयोग बंद होना चाहिए।" यह भी कहा कि अगर महर्षि पतंजलि के नाम का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ तो वे इसे लेकर देशव्यापी आंदोलन करेंगे।

39 एफआईआर पर सजा एक में भी नहीं, यह संयाेग है या प्रयोग




जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों ने 28 अप्रैल को एक लिस्ट सार्वजनिक तौर प्रदर्शित की। इसमें बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ दर्ज 38 मामलों की पूरी सूची दी गई थी। अगर नाबालिग पहलवान की शिकायत पर दर्ज एक और केस गिन लें तो ये कुल 39 मामले हो जाते हैं। लेकिन यह अजब संयोग है कि सांसद महोदय को इनमें से एक भी केस में सजा नहीं मिली। यानी वे बिना सजा वाले हिस्ट्रीशीटर हैं। छह बार के सांसद, बृज भूषण पर चोरी, दंगा, हत्या, आपराधिक धमकी, हत्या का प्रयास, अपहरण आदि सहित विभिन्न आरोपों के तहत 38 मामले दर्ज हैं। ये सभी 1974 और 2007 के बीच दर्ज किए गए थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यूपी गुंडा अधिनियम के तहत एक मामला और उस अवधि में कड़े गैंगस्टर और असामाजिक गतिविधियों (रोकथाम) अधिनियम के तहत तीन अन्य मामले भी दर्ज हैं। उनके सहयोगियों की मानें तो इन सभी मामलों में सांसद को बरी कर दिया गया था। एक मामले में ट्रायल कोर्ट से बरी होने के खिलाफ अपील इलाहाबाद हाई कोर्ट में लंबित है। जबकि उनका एक वीडियो इस बीच काफी वायरल हुआ, जिसमें वे खुद यह बताते दिखे कि उन्हेांने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की थी।

बहरहाल, अब तक चले मामले में बृजभूषण तार्किक तौर पर पहलवानों के आरोपों पर भारी पड़ते ही नजर आ रहे हैं। वे बार-बार यही बात कह रहे हैं कि पहलवान उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के सबूत दें। अब पहलवानों ने पुलिस को दिए बयानों में क्या सबूत दिए हैं, यह तो पुलिस की रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा, पर कम से कम जिस तरह सार्वजनिक तौर पर वे बृजभूषण पर हमलावर हैं, उस संदर्भ में यह आश्चर्यजनक ही लगता है कि अगर वास्तव में उनके पास कोई ठोस सबूत होते तो क्या वे अब तक उसे मीडिया के सामने सार्वजनिक न कर चुके होते।

इस कड़ी में हम आगे पहलवानों के किरदार के डिटेल भी जानेंगे…

सीने में जलन आँखों में तूफ़ान सा क्यूँ है, इस शहर में हर शख़्स परेशान सा क्यूँ है

पहले मशहूर शायर शहरयार की यह ग़ज़ल पढ़िए... सीने में जलन आँखों में तूफ़ान सा क्यूँ है इस शहर में हर शख़्स परेशान सा क्यूँ है दिल है तो धड़कने...